मैक्स वेबर का परिचय

मैक्स वेबर का जन्म 1864 में पश्चिमी जर्मनी के एक कपङा उत्पादक परिवार में हुआ था। 1882 में एक प्राथमिक स्कूल की शिक्षा पूरी करने के बाद वेबर ने हाइडलबर्ग के विधि विश्वविद्यालय में अध्ययन किया। 1889 में उन्होंने मध्ययुगीन व्यापार संगठनों को इतिहास में योगदान पर डॉक्टरेट उपाधि हासिल करने के लिये शोध प्रबंध जमा किया। अपना दूसरा शोध प्रबंध रोम का कृषिकालीन इतिहास और निजी तथा सार्वजनिक कानून के लिये इसका महत्त्व पूरा करने के बाद वेबर ने एक कानूनी प्रशिक्षक की हैसियत से बर्लिन विश्वविद्यालय में काम करना शुरु किया। उन्होंने कानून विषयक अनेक शोध प्रपत्र लिखे, जिनमें मुख्यतः उस समय के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर सविस्तार चर्चा की गयी। 1896 ईस्वी में उन्होंने हाइडलबर्ग विश्वविद्यालय में एक पद स्वीकार कर लिया। इसके पहले 1894 में वह फीडेलबर्ग विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर नियुक्त हुए थे।
वेबर के जीवन में कुछ ऐसे तथ्य हैं जिन पर ध्यान देना उनके लेखन के विश्लेषण का प्रयास करने से पहले जरुरी है। वेबर में व्यवस्थित अध्ययन और विश्लेषण की उत्सुकता 13 वर्ष की उम्र में ही शुरु हो गयी थी। इसके अलावा वेबर के संबंध में महत्त्वपूर्ण यह था कि वेबर वास्तविक अनुभवों से हासिल ज्ञान को किताबी ज्ञान से ज्यादा महत्त्वपूर्ण मानते थे। उनके बारे में तीसरी महत्त्वपूर्ण बात यह है कि बाहर से प्रगतिशील दिखने वाले वेबर ह्रदय से रूढिवादी थे। इसके अलावा वेबर के लेखन में तत्कालीन जर्मनी की सामाजिक दशाएं प्रतिबिंबित होती हैं।
वेबर ने देखा कि तत्कालीन समाज को प्रशासन तंत्र के सांचे में ढालने में उदारवाद का पतन हो रहा है, जिसे उन्होंने व्यक्ति मात्र के लिये खतरे के रूप में दिखा। बिस्मार्क द्वारा जर्मनी का एकीकरण और मध्यवर्गीय उदारवादी आंदोलन का समापन इन स्थितियों ने वेबर को आश्वस्त किया कि बङे लक्ष्य केवल सत्ता की राजनीति के जरिये ही हासिल किए जा सकते हैं।