इतिहासराजस्थान का इतिहास

खानवा युद्ध के परिणाम

खानवा युद्ध के परिणाम

खानवा युद्ध के परिणाम – खानवा युद्ध के परिणाम अत्यन्त ही महत्त्वपूर्ण और दूरगामी सिद्ध हुए। खानवा का युद्ध देश के निर्णायक युद्धों में माना जाता है। कुछ विद्वानों ने तो इसे भारतीय इतिहास में पानीपत के प्रथम युद्ध से भी अधिक महत्त्वपूर्ण माना है। साँगा की यह पराजय केवल राजस्थान के लिये ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारत के लिये घातक प्रमाणित हुई।

इस पराजय ने राजपूतों की रही-सही एकता को ही समाप्त नहीं किया, बल्कि मुगल शक्ति के समक्ष राजपूतों की शक्तिहीनता भी प्रकट कर दी। खानवा की पराजय के बाद अगले दो सौ वर्षों तक राजपूत शासक, राजपूत संघ का निर्माण नहीं कर सके। इस युद्ध के बाद मुगलों को इतने विशाल पैमाने पर किसी भी संगठित शक्ति ने चुनौती नहीं दी। इस पराजय के बाद कई वर्षों तक राजस्थान का मुगलों के साथ कोई संपर्क नहीं रहा।

राजस्थान विजय के लिये मुगलों के प्रयत्न अकबर के सिंहासनारूढ होने के बाद ही आरंभ हुए। डॉ.एस.आर.शर्मा ने लिखा है कि, राजपूतों की सर्वोच्चता का भय जो 10 वर्षों से मंडरा रहा था, वह सदैव के लिये समाप्त हो गया। डॉ.रघुवीर सिंह ने लिखा है कि, राजस्थान के पूर्व – आधुनिक इतिहास का मुगलकालीन भाग खानवा के युद्ध से ही प्रारंभ होता है। खानवा के युद्ध के फलस्वरूप राजस्थान की बदली हुई राजनैतिक परिस्थिति के कारण ही आगे चलकर राजस्थान पर मुगलों का एकाधिपत्य हो सका।

पानीपत की विजय ने तो बाबर को दिल्ली और आगरा का ही शासक बनाया था और इन पर भी उसका अधिकार अभी सुरक्षित अवस्था में नहीं था, किन्तु खानवा की विजय ने उसे साँगा के भय से मुक्त कर, उसे उत्तरी भारत का निष्कण्टक शासक बना दिया। अब बाबर के लिये अफगान सरदारों को भी, जिन्होंने पानीपत के युद्ध में पराजित होने के बाद देश के विभिन्न भागों में संगठित होना और सिर उठाना आरंभ कर दिया था, दबाना आसान हो गया। अब अफगानों को भी राजपूतों के सहयोग की आशा समाप्त हो गयी, क्योंकि उन्होंने अनुभव किया कि जब राजपूत स्वयं अपनी रक्षा नहीं कर सके तो फिर दूसरों की रक्षा कैसे कर सकते हैं, अतः उन्होंने राजपूतों के सहयोग से मुगलों को भारत से खदेङने की आशा छोङ दी।

राजस्थान के लिये इस युद्ध के परिणाम अच्छे नहीं रहे। साँगा की पराजय और मृत्यु के बाद मेवाङ की दशा तो बिगङी ही, लेकिन साथ ही राजस्थान के अन्य शासकों में भी इतनी शक्ति और साहस नहीं था कि वे मुगलों की नवोदित शक्ति को चुनौती दे सकें। डॉ.रघुवीर सिंह और डॉ.गोपीनाथ शर्मा ने लिखा है कि खानवा में राजपूतों की पराजय के बाद राजपूतों का बल पूरी तरह टूटा नहीं था, हाँ, कुछ समय के लिये उनकी शक्ति का सूर्योस्त अवश्य हो गया था।

डॉ.गोपीनाथ शर्मा ने लिखा है कि इस युद्ध से बाबर ने सबक सीखा और उसने फिर कभी राजस्थान पर आक्रमण करने का विचार नहीं किया। इस युद्ध में राजपूतों को मुगलों का रण-चातुर्य एवं सैनिक व्यवस्था देखने का अवसर मिला। तोपखाना और गतिशील अश्वारोहियों का प्रभाव भी उन्होंने देखा, लेकिन युद्ध प्रणाली के इन परिवर्तनों को देखकर भी उनकी उपेक्षा की। जब विलम्ब से ध्यान दिया तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

खानवा युद्ध के परिणाम

खानवा में राजपूतों की हार से राजस्थान की सदियों पुरानी स्वतंत्रता तथा उसकी प्राचीन हिन्दू संस्कृति को सफलतापूर्वक अक्षिण्ण बनाये रख सकने वाला अब यहाँ कोई नहीं रह गया। मुगल साम्राज्य ने राजस्थान की स्वतंत्रता का अंत कर दिया, और राजनीतिक शक्ति के पतन के बाद राजस्थान की संस्कृति, यहाँ की विद्या और कला का भी पतन होने लगा।

नये-नये प्रभाव उन पर पङने लगे तथा विदेशी भावनाओं से वे अछूते नहीं रह सके, जिससे आगे चलकर उनका मध्यकालीन स्वरूप ही बदल गया। सुदूरस्थ विदेशों से आने वाले इन विधर्मी आक्रमणकारी मुगलों ने राजनीतिक एकता के साथ ही धीरे-धीरे समस्त राजस्थान की संस्कृति तथा साहित्य में एक अनोखी समानता भी उत्पन्न कर दी थी।

मुगल साम्राज्य की स्थापना के बाद उत्तरी भारत में उत्पन्न होने वाली नयी सम्मिलित हिन्दू – मुस्लिम संस्कृति का प्रभाव कुछ समय बाद राजस्थान निवासियों के आचार-विचार, रहन-सहन, वेश-भूषा तथा खान पान तक में दिखायी पङने लगा। इन सारी नयी-नयी प्रवृत्तियों तथा महत्त्वपूर्ण क्रांतिकारी प्रभावों का प्रारंभ खानवा के युद्ध के बाद तथा उसी के परिणामों के फलस्वरूप ही हो सका था।

References :
1. पुस्तक - राजस्थान का इतिहास, लेखक- शर्मा व्यास

Related Articles

error: Content is protected !!