इतिहासकल्याणी का चालुक्य वंशदक्षिण भारतप्राचीन भारत

कल्याणी के चालुक्यों का राजनैतिक इतिहास

कल्याणी के चालुक्य वंश का उदय राष्ट्रकूटों के पतन के बाद हुआ। इस वंश का इतिहास हम साहित्य तथा लेखों के आधार पर प्राप्त कर सकते हैं। साहित्यिक ग्रंथों में विल्हण कृत विक्रमांकदेवचरित सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण है, जिससे इस वंश के सबसे प्रतापी शासक विक्रमादित्य षष्ठ के जीवन तथा उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश पङता है। रन्न के गदायुद्ध से इस काल के सामाजिक जीवन की जानकारी प्राप्त होती है।

कल्याणी के चालुक्य वंश में अनेक शक्तिशाली शासक हुये जिनका विवरण निम्नलिखित है

तैलप द्वितीय

कल्याणी के चालुक्यों का स्वतंत्र राजनैतिक इतिहास तैल अथवा तैलप द्वितीय (973-997ई.) के समय से प्रारंभ होता है। उसके पूर्व हमें कीर्त्तिवर्मा तृतीय, तैल प्रथम, विक्रमादित्य तृतीय, भीमराज, अय्यण प्रथम तथा विक्रमादित्य चतुर्थ के नाम मिलते हैं। इनमें क्रमशः तैलप प्रथम, अय्यण प्रथम तथा विक्रमादित्य चतुर्थ के विषय में ज्यादा जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई है। ये सभी राष्ट्रकूटों के सामंत थे। निलगुंड लेख से पता चलता है, कि अय्यण ने राष्ट्रकूट नरेश कृष्ण द्वितीय की कन्या से विवाह कर दहेज में विपुल संपत्ति प्राप्त कर ली थी।उसके (अय्यण) पुत्र विक्रमादित्य चतुर्थ का विवाह कलचुरि राजा लक्ष्मणसेन की कन्या बोन्थादेवी के साथ संपन्न हुआ था। इसी से तैलप द्वितीय का जन्म हुआ। नीलकंठ शास्त्री का विचार है, कि ये सभी शासक बीजापुर तथा उसके समीपवर्ती क्षेत्र में शासन करते थे, जो इश वंश की मूल राजधानी के पास में था…अधिक जानकारी

सत्याश्रय

चालुक्य वंश के शासक तैलप द्वितीय का उत्तराधिकारी सत्याश्रय हुआ। वह अपने पिता के समान महत्वाकांक्षी एवं साम्राज्यवादी शासक था। राजा बनने के बाद उसने अपना विजय अभियान प्रारंभ किया। सर्वप्रथम उसने उत्तरी कोंकण के शीलाहारवंशी शासक अपराजित तथा गुर्जरनरेश चामुण्डराज के विरुद्ध सफलतायें प्राप्त की।परंतु परमार शासक सिन्धुराज ने उसे हराकर उन प्रदेशों को पुनः अपने अधिकार में कर लिया, जिसे तैलप ने उसके भाई मुंज से जीता था। सत्याश्रय का मुख्य शत्रु चोल नरेश राजराज प्रथम था, जिसका वेंगी के चालुक्यों पर प्रभाव था। 1006 ई. में सत्याश्रय ने वेंगी पर आक्रमण किया। उसे प्रारंभिक सफलता मिली तथा उसकी सेना ने गुन्टूर जिले पर अधिकार जमा लिया। चोल शासक राजराज ने अपने पुत्र राजेन्द्र को एक विशाल सेना के साथ पश्चिमी चालुक्यों पर आक्रमण करने को भेजा। राजेन्द्र की सेना बीजापुर जिले में दोनूर तक बढ आई तथा उसने संपूर्ण देश को लूटा एवं स्त्रियों, बच्चों और ब्राह्मणों की हत्या कर दी। उसने बनवासी पर अधिकार किया तथा मान्यखेत को ध्वस्त कर दिया…अधिक जानकारी

विक्रमादित्य पंचम

कल्याणी के चालुक्य शासक सत्याश्रय ने 1008 ई. तक राज्य किया। उसके कोई पुत्र नहीं था। अतः उसके बाद उसका भतीजा विक्रमादित्य पंचम राजा बना। वह दशवर्मा का बङा पुत्र था। लेखों से उसकी किसी भी उपलब्धि की सूचना हमें नहीं मिलती है। कैथोम लेख में उसे यशस्वी तथा दानशील शासक बताया गया है…अधिक जानकारी

जयसिंह द्वितीय

कल्याणी के चालुक्य शासक विक्रमादित्य पंचम के बाद उसका भाई जयसिंह द्वितीय शासक बना। उसने कई युद्ध किये। मालवा के परमार शासक भोज ने उसके राज्य पर आक्रमण किया तथा लाट और कोंकण पर अधिकार कर लिया। परंतु बाद में जयसिंह ने उसे पराजित कर पुनः अपने प्रदेशों पर अधिकार कर लिया…अधिक जानकारी

सोमेश्वर प्रथम

कल्याणी के चालुक्य शासक जयसिंह द्वितीय के बाद उसका पुत्र सोमेश्वर प्रथम 1043 ई. में राजा हुआ। उसने अपनी राजधानी मान्यखेत से कल्याणी में स्थानांतरित की तथा वहाँ अनेक सुन्दर भवन बनवाये। विल्हण के अनुसार उसने कल्याण नगर को इतना सजाया कि, वह संसार के सभी नगरों में श्रेष्ठ बन गया। वह एक विजेता था। उसकी विजयों का एक विवरण नान्देर (हैदराबाद) के लेख में मिलता है, जिसके अनुसार सोमेश्वर ने मगध, कलिंग और अंग के शत्रु राजाओं की हत्या कर दी, कोंकण पर आक्रमण कर वहाँ के राजाओं को अपने पैरों पर गिरने के लिये विवश किया, मालवा के राजा ने अपनी राजधानी धारा में हाथ जोङकर उससे याचना की, उसने चोल शासक को युद्ध में पराजित किया तथा वेंगी और कलिंग के राजाओं को अपनी ओर मिला लिया।इसी लेख में उसके सेनापति नागवर्मा का उल्लेख है। बताया गया है, कि वह राजा का दाहिना हाथ था। इसे विन्ध्याधिपतिमल्ल, धारावर्षादर्पोत्पाटन, मारसिंहमर्दन, शिरच्छेदन, चक्रकूट-कालकूट जैसी उपाधियाँ प्रदान की गयी हैं। यद्यपि यह विवरण अतिरंजित है, तथापि इसके कुछ अंशों को प्रमाणिक माना जा सकता है। सोमेश्वर की विजयों का कालक्रम निर्धारित करना कठिन है…अधिक जानकारी

सोमेश्वर द्वितीय

कल्याणी के चालुक्य वंश के शासक सोमेश्वर प्रथम के बाद उसका बङा पुत्र सोमेश्वर द्वितीय (1068-1076ई.) राजा बना। उसका छोटा भाई विक्रमादित्य प्रारंभ से ही महत्वाकांक्षी था। चोलनरेश वीर राजेन्द्र ने सोमेश्वर प्रथम के राज्य पर आक्रमण किया। सोमेश्वर के भाई विक्रमादित्य ने कुछ सामंतों के साथ चोल नरेश से संधि कर ली। वीर राजेन्द्र ने अपनी पुत्री का विवाह उससे कर दिया तथा सोमेश्वर द्वितीय पर दबाव डालकर विक्रमादित्य को चालुक्य राज्य के दक्षिणी भाग पर युवराज के रूप में शासन करने का अधिकार दिला दिया। इस तरह चालुक्य राज्य दो भागों में विभाजित हो गया। ऐसा लगता है, कि सोमेश्वर ने पुनः अपनी स्थिति सुदृढ कर ली तथा चोल सेनाओं को अपने राज्य के बाहर भगा दिया। उसके एक लेख से सूचित होता है, कि उसकी घुङसवार सेना ने वीर राजेन्द्र चोल को कल्याणी से खदेङ दिया। इसके बाद सोमेश्वर तथा विक्रमादित्य बंकापुर से भुवनैकमल्ल (सोमेश्वर) की सेवा कर रहा था। सोमेश्वर ने मालवा के परमार राजा जयसिंह पर आक्रमण कर उसे पराजित कर दिया, जिससे वह उसकी अधीनता स्वीकार करने लगा। इस युद्ध में कलचुरि शासक कर्ण ने सोमेश्वर की सहायता की थी। किन्तु कुछ समय बाद चाहमानों के सहयोग से मालवा ने पुनः स्वतंत्रता प्राप्त कर ली…अधिक जानकारी

विक्रमादित्य षष्ठ

References:
1. पुस्तक- प्राचीन भारत का इतिहास तथा संस्कृति, लेखक-के.सी.श्रीवास्तव
2. पुस्तक- प्राचीन भारत का इतिहास, लेखक-वी.डी.महाजन

Related Articles

error: Content is protected !!